व्यापारियों से संवाद कर बताएंगे खूबियां
मुजफ्फरनगर। जीएसटी को लेकर व्यापारियों में उठ रहे विरोधी स्वरों को शांत करने के लिए पहल की गई है। वाणिज्य कर विभाग व्यापारियों को जीएसटी को सरलता से समझाने के साथ उनकी समस्याओं को दूर करेगा। इसके लिए छोटे और बड़े व्यापारियों के साथ संवाद कर जीएसटी की खूबियां और लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी।
एक जुलाई से लागू होने वाले जीएसटी को लेकर व्यापारियों ने विरोध खड़ा कर दिया है। केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर अनेक समस्याएं रखी जा रही है। जीएसटी से खासकर छोटे तबके का व्यापारी अधिक परेशानी महसूस कर रहा है। लोहा, कपड़ा, सीमेंट, हार्डवेयर, दवाईयां, ज्वैलर्स, ऑटो मोबाइल और ऑटो पार्ट्स, ईट भट्टा आदि व्यापारियों ने जीएसटी को तो सही ठहरा रहा है, लेकिन इसमें बनाए गए नियमों के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी दी जा रही है। इसको लेकर वाणिज्य कर विभाग महकमा भी सक्रिय हो गया है। क्योंकि केंद्र सरकार प्रत्येक व्यापारी को जीएसटी में माइग्रेट करने पर जोर दे रही है। इसके चलते व्यापारियों की समस्याएं दूर करने के लिए वाणिज्य कर विभाग ने तैयारी कर ली है। 18 से 28 जून तक शहर के प्रत्येक व्यापारी वर्ग के साथ संवाद कर जीएसटी को सरलता से समझाया जाएगा। वाणिज्यकर विभाग के जीएसटी के नोडल अधिकारी डीएस गौतम ने बताया कि जीएसटी बेहद सरल है, लेकिन व्यापारियों की कुछ समस्याएं है, जिन्हें दूर करने के लिए विभाग ने 10 दिनों का स्पेशल कार्यक्रम रखा है। अलग-अलग दिन भिन्न-भिन्न व्यापारियों के साथ बैठक कर जीएसटी माइग्रेशन, लाभ के बारे में जानकारी दी जाएगी।