खतौली (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर में डूबने से ही जिला सोनीपत हरियाणा के तीनों युवकों की मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हो गई। पुलिस ने बताया कि कार मंगलवार रात को ही गंगनहर में गिरी थी।
गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव बुआड़ा कलां के निकट बुधवार सुबह राहगीरों ने गंगनहर में कार को पड़ी देखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार के शीशे तोड़कर उसके अंदर से तीन युवकों के शव निकाले। मृतकों की जेब से मिली आईडी से शवों की शनाख्त गांव भैंसवाल कलां, थाना गोहाना, जिला सोनीपत हरियाणा के प्रदीप पुत्र कृष्ण, रवि पुत्र कृष्ण व अक्षय पुत्र रविंद्र के रुप में हुई थी। पुलिस ने परिजनों को सूचना करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम भेज दिया था। आशंका जताई जा रही थी कि इनके साथ कोई चौथा युवक भी था, जिसका डीएल कार के अंदर से पुलिस ने बरामद किया। हालांकि मृतकों के परिजनों ने हेमंत नाम का डीएल मिलने के बारे में अनभिज्ञता जताई थी। इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तीनों युवकों की मौत डूबने से ही हुई है।
भैंसवाल कलां में शवों के पहुंचने पर कोहराम मचा
खतौली। सोनीपत के गांव भैंसवाल कलां में बुधवार रात प्रदीप, रवि और अक्षय के शव घर पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। युवकों की मौत से ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त था। गांव के प्रधान नरेंद्र ने बताया कि गांव में एक साथ तीन अर्थियां उठीं तो मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। मृतकों की माता पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। बृहस्पतिवार को गमगीन माहौल में शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।