पुरकाजी। खादर क्षेत्र में सोलानी नदी में शिवालिक पहाड़ियों से बरसात का पानी आने से जहां हर साल ग्रामीणों की फसल बर्बाद हो जाती है, वहीं बाढ़ का पानी के रास्तों व खेतों में भर जाने से ग्रामीण घरों में कैद होकर रह जाते हैं। ग्रामीण पशुओं के लिए चारा तक नहीं ला पाते हैं। पशु भूखे रहकर बीमार हो जाते हैं। स्कूल न जाने से छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित रहती है। इस समस्या से दुखी दर्जनों गांव के लोग कई बार बांध बनवाने व लोहे का पुल लगवाने की शासन प्रशासन से गुहार कर चुके हैं, मगर आज तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। दो दिन पूर्व खादर क्षेत्र में वोट मांगने गए एक प्रत्याशी के समर्थकों को ग्रामीणों का भारी विरोध भी झेलना पड़ा था। गांव रामनगर, भदोला, पांचली, नंगला, फर्कपुर आदि के ग्रामीण लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का मन बना रहे हैं।