हरेंटी ने जीता वॉलीबाल टूर्नामेंट का पहला मैच
पुरकाजी। चौधरी क्लब के तत्वावधान में आयोजित वॉलीबाल टूर्नामेंट का पहला मैच हरेंटी गांव की टीम ने जीता। इस टूर्नामेंट का शुभारंभ रालोद किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र राठी ने किया। उन्होंने टूर्नामेंट आयोजकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में ऐसे टूर्नामेंट होने से गांव के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। आयोजक कपिल राठी ने बताया कि टूर्नामेंट में भौराकलां, माजरा, खुड्डा, दूधली, कुटेसरा, उत्तराखंड के रुड़की, हरचंदपुर सहित 26 टीमें भाग ले रही हैं। पहला मैच गांव हरेंटी व माजरा के बीच हुआ, जिसमें हरेंटी की टीम ने मैच जीत लिया। इस दौरान प्रधान संगठन के अध्यक्ष नवीन राठी, रालोद नेता गोल्डी राठी, प्रधान लखनौती अर्जुन सिंह के अलावा चिंटू राठी, अंशुल कुमार, नितिन देशवाल, संजय कुमार, नितिन कुमार आदि मौजूद रहे।
रास्ते को लेकर विवाद में तनाव
पुरकाजी। गांव गोधना में रास्ते को लेकर चल रहे विवाद में दोन पक्षों में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने झगड़ा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। थाना क्षेत्र के गांव गोधना में एक मोहल्ले के लोगों का रास्ता है। इसे दूसरे पक्ष के लोग बंद करना चाहते हैं। इसे लेकर पहला पक्ष विरोध कर रहा है। दोनों पक्षों में करीब दो सप्ताह से विवाद चल रहा है। रास्ते को दो दिन पूर्व बंद कर दिया गया। इसे लेकर तनाव और बढ़ गया। सोमवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाकर झगड़ा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर महेंद्र पाल सिंह का कहना है रास्ते की जमीन की जांच कराई गई है। जांच में जिस पक्ष की जमीन है, उसने रास्ता बना लिया है। यदि कोई पक्ष झगड़ा करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने फूंका पाकिस्तान का पुतला
रोहाना। पाक से लौटे विंग कमांडर अभिनंदन की वीरता और वतन वापसी को लेकर जिंदाबाद के नारे लगाए गए। ग्रामीणों ने पाकिस्तान का पुतला फूंका। रोहाना मिल बाजार में युवाओं ने अभिनंदन की भारत वापसी पर जश्न मनाया। अभिनंदन और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए। पाकिस्तान का पुतला फूंककर मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस अवसर पर मनोज, रामपाल, चंद्रबल शर्मा, ओमदत्त ,रोहित त्यागी आदि उपस्थित रहे।