एटीएस की मदद करने वाले मदरसा छात्र को 51 हजार देने की घोषणा
देवबंद (सहारनपुर)। विश्व हिंदू परिषद (धर्म प्रसार) के प्रांत मंत्री विकास त्यागी ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को पकड़ने में एटीएस की मदद करने वाले मदरसा छात्र को अपनी पहचान उजागर करने पर 51 हजार रुपये की धनराशि देकर सम्मानित करने की घोषणा की है।
सोमवार को विहिप कार्यालय पर बैठक में विकास त्यागी ने कहा कि हिंदू संगठन राष्ट्रद्रोह करने वालों के खिलाफ तथा राष्ट्रप्रेम करने वालों के साथ हैं। पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद में भर्ती के उद्देश्य से देवबंद में रहे रहे आतंकियों की जानकारी एटीएस को देने वाले मदरसा छात्र ने राष्ट्रप्रेम का उदाहरण पेश किया है। इसके लिए विहिप उसकी सराहना करता है। त्यागी ने कहा कि यदि आतंकियों को पकड़वाने वाला मदरसा छात्र अपनी पहचान उजागर करे तो उसे 51 हजार रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि छात्र आतंकियों के डर के कारण अपनी पहचान उजागर करने में झिझक महसूस कर रहा है तो राष्ट्रप्रेमी छात्र के साथ विहिप कार्यकर्ता खड़े हैं। उसे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इस मौके पर अक्षय धीमान, अमित चौधरी, सचिन गुर्जर, ललित सैनी, संजीव चौधरी, अभिनव कौशिक, आशीष रोड, हरीश शर्मा आदि मौजूद रहे।