सीएचसी की बदहाली पर नाराजगी जताई
चरथावल। सीडीओ अर्चना वर्मा ने सीएचसी और ब्लाक कार्यालय का निरीक्षण किया। अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की अनुपस्थित पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएचसी के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सीडीओ अर्चना वर्मा भी हैरान रह गईं। मौजूद डॉक्टर सतीश कुमार से पूछा की कर्मचारी गायब कैसे हैं। इस पर डाक्टर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। जच्चा-बच्चा केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां पर एक महिला डिलीवरी के लिये भर्ती थी और कोई भी पंखा नहीं चल रहा था। पंखा नहीं चलने का कारण बिजली नहीं आना बताया गया, जेनरेटर को खराब बताया गया। इस पर जेनरेटर स्टार्ट कराकर देखा तो वह चल गया और चिकित्सा प्रभारी का झूठ सामने आ गया। सीडीओ ने अस्पताल में सफाई व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। अकरम निवासी कुल्हेड़ी ने सीडीओ अर्चना वर्मा से शिकायत की कि यहां पर्ची का आफिस बंद है। कर्मचारी ने कहा है कि डेढ़ बजे के बाद पर्ची नहीं बनती। सीडीओ ने स्वयं देखा तो पर्ची ऑफिस बंद मिला। इसी के साथ ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण भी किया गया। यहां कार्यालय में अभिलेखों को देखा। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यालय साफ स्वच्छ होने चाहिए। आवश्यक दिशा- निर्देश भी दिए गए। सीडीओ ने बताया कि जो कर्मचारी और अधिकारी अनुपस्थित मिले हैं उन सब पर कार्रवाई हो रही है। सूची तैयार कर सभी को नोटिस जारी किया जा रहा है।