मीरापुर। गांव चुडियाला निवासी किसान सुशील कुमार शर्मा (55) पुत्र शांति प्रसाद शर्मा बृहस्पतिवार की शाम अपने खेतों में खाद डालने के लिए गया था। खाद डालते समय उसका पैर खेत में पड़े हाईटेंशन लाइन के तार से टच हो गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। किसान अपने पीछे भरा पूरा परिवार रोता बिलखता छोड़ गया। उसके भाई मनोज शर्मा ने बताया कि विद्युत की लापरवाही से उनकी तीन बीघा गेहूं की फसल भी जली थी। कुछ वर्ष पूर्व उनके एक नौकर रामू की भी करंट लगने से मौत हो गई थी। किसानों ने कई बार जानसठ एसडीओ और जेई से गांव के जंगल में विद्युत आपूर्ति लाइनों को ठीक कराने की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई न हुई। ग्रामीणों ने लापरवाह अधिकारी और कर्मचारियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर किसान के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।