करंट लगने से छात्र की मौत
तितावी। गांव खेड़ी दूधाधारी में करंट लगने से छात्र की मौत हो गई। वह रात के समय इंवर्टर में तार लगा रहा था, तभी अचानक करंट लग गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी दूधाधारी निवासी राजकुमार का पुत्र सौरभ (15) शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपने मकान की छत पर बैैठा पढ़ाई कर रहा था, तभी अचानक बिजली चली गई। सौरभ नीचे इनवर्टर का तार लगाने के लिए आ गया। जैसे ही उसने इंवर्टर का तार लगाया, तभी अचानक इनवर्टर से करंट उसे लगा। वह बिजली का तार पकड़े बेहोश हो गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल लेकर आए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर आकर शव को कब्जे में ले लिया। मगर परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। बाद में परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को गांव में लेकर उसका दाह संस्कार किया। सौरभ बघरा के कल्याणकारी इंटर कॉलेज का कक्षा 10 का छात्र था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।