जीआरपी एसएसपी सुभाषचंद दूबे ने सोमवार को जीआरपी थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अपराधमुक्त के साथ समाज को अब नशामुक्त बनाने के लिए पहल की गई है। इसके लिए रेलवे स्टेशनों पर घूमने वाले नशेड़िय़ों का डाटा बनाया जाएगा, जिनकी जीआरपी अधिकारी काउंसिलिंग करेंगे। इतना ही नहीं स्टेशन के कुली, सफाई कर्मचारियों का डोजियर तैयार किया जाएगा। उन्होंने जीआरपी एसओ को स्टेशनों और ट्रेनों में पुलिस हेल्प लाइन, महिला हेल्प लाइन, एंबुलेंस हल्पलाइन के मोबाइल नंबर अंकित करने के निर्देश दिए।
जीआरपी प्रभाग मुरादाबाद के एसएसपी सुभाषचंद दूबे ने राजकीय रेलवे पुलिस थाने निरीक्षण किया। अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मीटिंग कर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन की सुरक्षा में कोताही नहीं बरती जाएगी। स्टेशन पर घूमने वाले नशेड़ियों, कुलियों, सफाई कर्मियों के अलावा दुकान व ठेले लगाने वालों का डोजियर तैयार किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी दूबे ने कहा कि स्टेशनों पर नशेड़िय़ों की काउंसलिंग की जा रही है। उनका पूरा रिकार्ड रखने के साथ ही उनकी लगातार निगरानी भी होगी। वेस्ट के सभी 16 जिलों के रेलवे स्टेशनों पर यह अभियान चल रहा है। साथ ही कहा कि अपराधियों को लेकर भी विशेष अभियान चलाया गया है, जिसमें अपराधियों के कृत्यों को वर्गीकरण करने के साथ उनकी धरपकड़ होगी। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन लावारिस व्यक्तियों के लिए भी अनोखी पहल की गई है। रेलवे स्टेशनों पर रहने वाले लोगों के साथ ही वहां पर काम करने वाले सभी वेंडरों, कुलियों, सफाई कर्मचारियों तथा अन्य का पूरा डोजियर तैयार करा रहे हैं, जिसके माध्यम से ऐसे लोगों को उनके परिवार से मिलाने का प्रयास किया जाएगा, जो किसी ना किसी वजह से उन्हें छोड़कर आ गये हैं और उन्होंने रेलवे स्टेशन को अपना ठिकाना बना लिया है। एसएसपी ने स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा के साथ ट्रेन के कोच की भी सघन जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान जीआरपी एसओ इंद्रजीत सिंह, एसआई जगत सिंह के अलावा अन्य स्टाफ मौजूद रहा।