भाकियू कार्यालय पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। महावीर चौक स्थित भाकियू कार्यालय पर निर्माण कार्य को पुलिस द्वारा रुकवाने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने इंस्पेक्टर से वार्ता की। इस बीच सपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। भाकियू की ओर से सिविल लाइन थाने पर एक उद्यमी के खिलाफ तहरीर दी है।
भाकियू कार्यालय पर इन दिनों निर्माण कार्य कराया जा रहा है। गत दिवस एक उद्यमी के लोगों ने यहां पहुंचकर कार्य रुकवा दिया था। रविवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने निर्माण कार्य शुरू करा दिया। दोपहर को उद्यमी के कुछ समर्थक सिविल लाइन पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और काम रुकवा दिया। दूसरे दिन भी कार्य रुकवाने की जानकारी पाकर मौके पर काफी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने निर्माण कार्य रुकवाने पर हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, जिलाध्यक्ष राजू अहलावत, कपिल सोम, योगेश शर्मा, सर्वेंद्र राठी, पंकज राठी आदि भी मौके पर पहुंच गए। उद्यमी का कहना था कि यह जमीन उनकी है और निर्माण कार्य पर स्टे है, जबकि भाकियू नेताओं का कहना था वर्ष 1994 से डीएसओ की ओर से उन्हें यह भवन आवंटित हुआ है। भाकियू नेता राकेश टिकैत ने इंस्पेक्टर सिविल लाइन डीके त्यागी से वार्ता की। उन्होंने कहा कि यदि उद्यमी इसका कोई स्टे नहीं दिखाते हैं तो मरम्मत का कार्य किया जाएगा। भाकियू के प्रेस प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि कार्यालय पर नया निर्माण नहीं कराया जा रहा है, बल्कि प्लास्टर ूकी मरम्मत कराई जा रही है। बाद में भाकियू के जिला संगठन मंत्री पीयूष पंवार की ओर से सिविल लाइन थाने पर उद्यमी और उनके लोगों के खिलाफ धमकी देने की तहरीर दी गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर सिविल लाइन डीके त्यागी ने बताया कि उद्यमी की शिकायत पर निर्माण कार्य रुकवाया गया है। भाकियू की ओर से उद्यमी और उसके लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है, जिस पर जांच की जा रही है। उद्यमी को भी स्टे दिखाने को कहा गया है।