मुजफ्फरनगर। जीएसटी परिषद की बैठक में 177 चीजों पर टैक्स कम किए जाने के निर्णय को व्यापारियों ने आम जनता के लिए राहत भरा बताया है। व्यापारियों का कहना है कि जिन वस्तुओं पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटा कर 18 प्रतिशत किया गया है, उनका लाभ भी उपभोक्ताओं को मिलेगा।
गुड़ मंडी के व्यापारी अरुण खंडेलवाल का कहना है कि जीएसटी लागू करने के बाद केंद्र सरकार ने जांच कर पाया कि जो लाभ उपभोक्ता को मिलना चाहिए, वो लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा है। इसलिए जीएसटी परिषद ने बैठक कर 177 वस्तुओं पर जीएसटी कम करने का निर्णय लिया, जो सही है। इसका फायदा उपभोक्ताओं को मिलेगा। जिन वस्तुओं पर 28 प्रतिशत टैक्स दिया जाता था, अब उन पर 18 प्रतिशत जीएसटी दिया जाएगा, जिसका लाभ आम जनता को होगा। सर्राफा व्यापारी अनिल वर्मा का कहना है कि होटल पर खाने पर जीएसटी कम हुआ है। जो पहले 18 प्रतिशत था, उसे घटा कर पांच प्रतिशत किया है, जिसका फायदा होटल में ठहरने वालो को मिलेगा।
वहीं, रेडीमेड व्यापारी कमल गुप्ता का कहना है कि सरकार का निर्णय सही है। जिन वस्तुओं पर टैक्स अभी 28 प्रतिशत है, उन्हें भी जरुरी वस्तुओं में शामिल कर टैक्स कम किया जाना चाहिए। बर्तन व्यापारी संदीप सिंघल का कहना है कि सरकार का यह फैसला आम जनता के लिए राहत भरा है।