मुजफ्फरनगर। स्कूलों में शत प्रतिशत नामांकन कराने और बच्चों की उपस्थिति के लिए इस बार जनप्रतिनिधि भी सहयोग करेंगे। सांसद और विधायक ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीणों के दरवाजे की घंटी बजाकर बच्चों के स्कूल जाने और न जाने के कारणों की जानकारी लेंगे। अभिभावकों की काउंसिलिंग कर बच्चों का दाखिला कराएंगे।
नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत छह से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का नामांकन विद्यालयों में कराए के लिए एक जुलाई से स्कूल चलो अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान में बीएसए समेत सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्यों से सहयोग लिया जाएगा। मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने इस बाबत डीएम को निर्देश जारी किए हैं। स्कूल चलो अभियान के तहत मेले, संगोष्ठी, रैली, प्रभातफेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
शिक्षक गांव में आउट ऑफ स्कूल बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उनका नामांकन कराएंगे। नामांकन की कार्रवाई 15 जुलाई तक पूरी होनी है। बीएसए दस अगस्त तक नामांकन का पूरा विवरण शासन को उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए ब्लॉक शिक्षकों और छात्रों की टोली बनाकर स्कूल न आने वाले बच्चों को शिक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा। बीएसए चंद्रकेश यादव ने बताया कि स्कूल चलो अभियान की पूरी तैयारी कर ली गई है। एक जुलाई से बच्चों, अभिभावकों को शिक्षा के महत्व और जरूरत के बारे में जागरूक कर बच्चों का दाखिला सुनिश्चित किया जाएगा।