एक्सईएन कार्यालय में कामकाज ठप, बेमियादी हड़ताल
खतौल। विद्युत निगम एक्सईएन कार्यालय के कर्मचारियों ने निलंबित किए गए टीजीयू कर्मचारी की बहाली की मांग को लेकर कामकाज ठप करके बेमियादी हड़ताल प्रारंभ कर दी है। कर्मचारी अपनी मांग को लेकर बेमियादी धरना देकर बैठ गए हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक कर्मचारी को बहाल नहीं किया जाएगा, उनका बेमियादी धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
तहसील के पास विद्युत चोरी कराने की शिकायत पर एमडी मेरठ ने एक मई को जांच पड़ताल करने के लिए टीम भेजी थी। टीम ने जांच करने के बाद रिपोर्ट एमडी को भेजी थी। जांच रिपोर्ट में बिजली चोरी कराने के मामले में टेक्निकल ग्रेड-तीन (टीजीयू) मोहनलाल को दोषी माना गया था। एमडी ने एक्सईएन सेवाराम को टीजीयू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा एडीओ के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश जारी किए थे। एक्सईएन ने टीजीयू को 9 मई को निलंबित कर दिया था और एसडीओ तेजवंत गुप्ता को प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की थी। विद्युत कर्मचारी को निलंबित करने को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को एक्सईएन कार्यालय से संबंधित जेई व समस्त कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर दिया और बेमियादी धरना देकर बैठ गए। धरने पर कर्मचारियों का कहना था कि जब तक कर्मचारी को बहाल नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी बेमियादी हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग के अधिकारियों का उत्पीड़नात्मक रवैया किसी दशा में सहन नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में जेई नीरज शर्मा, जेई नरेश, जेई रविंद्र, जेई दीपक, जेई वेदप्रकाश, जीत सिंह, राजीव, आनंद, वासु राठी, अजय शर्मा, सुनील आदि कर्मचारी मौजूद रहे।