भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीओ को घेरा
जानसठ। भाकियू कार्यकर्ताओं ने पिछले एक सप्ताह से फुंके ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग को लेकर एसडीओ का घेराव किया। एसडीओ ने शीघ्र ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने डाक बंगले पर बैठक कर किसानों व ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान कराने को रणनीति बनाई। बैठक में ब्लाक अध्यक्ष विपिन मेहदियान, तहसील अध्यक्ष अशोक चौधरी, जिला उपाध्यक्ष महकार सिंह ने कहा कि जनपद में गन्ना भुगतान को लेकर किसानों के साथ हो रहे शोषण के खिलाफ 14 फरवरी को डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत व जिलाध्यक्ष राजू अहलावत मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के एसडीओ भुवन राज सिंह का घेराव कर पिछले एक सप्ताह से कस्बे के मोहल्ला करीमुल्ला पटटी में फुंके ट्रांसफार्मर की शिकायत करने के बाद भी नहीं बदले जाने को लेकर नारेबाजी की गई। एसडीओ ने उच्च अधिकारियों से बात कर कार्यकर्ताओं को शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया। कार्यकर्ताओं ने तहसील में एसडीएम कार्यालय पर भी प्रदर्शन कर मीरापुर कस्बे के मेन रोड पर तोमर नर्सिंगहोम के पास तालाब में पानी की निकासी को लेकर हंगामा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के गैरमौजूदगी में कार्यालय में उनके स्टेनो को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्षता सुच्चा सिंह ने की तथा संचालन टीटू वालिया ने किया। ज्ञापन देने वालों में ब्लाक प्रभारी कैथौड़ा प्रधान हाजी महबूब, आस मोहम्मद, मीरापुर, शाहिद चौधरी, चंचल, अमरीश, मोनिश, राजेंद्र, भीम, खालिद, धर्मवीर राठी, मुन्ना ठाकुर आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।