तार काटने का विरोध करना पड़ा महंगा, केस दर्ज
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के मुस्तफाबाद में बिजली का तार काटने और खंभा तोड़ने का विरोध करने पर आरोपियों ने तीन युवकों पर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
नई मंडी कोतवाली पर मुस्तफाबाद के मामचंद ने तहरीर दी। बताया कि मोहल्ले के ही कुछ लोग उसके तारों को बिजली के खम्भों से तोड़ रहे थे, जिसका उसने विरोध किया, तो जयवीर, जयपाल, अर्जुन, मिंटू, प्रवीण, संजय आदि ने धारदार हथियारों से हमला किया। घर में घुसे हमलावरों ने हमला कर उसके पुत्र प्रवीण, नंदू, राहुल को गंभीर घायल कर दिया। बाद में हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरु कर दी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
सभासद के खिलाफ कार्रवाई से आक्रोश
मुजफ्फरनगर। खालापार में दो पक्षों के बीच हुए झगडे के मामले में एक सभासद द्वारा हस्तक्षेप करने पर पुलिस ने सभासद के खिलाफ भी लिखापढ़ी की कार्रवाई करते हुए मुचलका पाबंद कर दिया। जिसकी जानकारी होने पर सभासद पक्ष के लोगों ने रविवार देर रात शहर कोतवाली पहुंच कर रोष प्रकट किया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने निष्पक्ष कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
-