भाजपा के सभी वादे झूठे निकले: राईन
मुजफ्फरनगर। बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी शमशुद्दीन राईन ने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे सभी झूठे निकले। केंद्र और प्रदेश सरकार सभी मोर्चो पर विफल है। मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने के अलावा बीजेपी की कोई उपलब्धि नहीं है।
कूकड़ा चौराहे पर एक बैंक्वट हॉल में आयोजित बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में राईन ने कहा कि भाजपा और उसके वादों से जनता ऊब चुकी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा दोबारा आने वाली नहीं है। इस चुनाव में बसपा बड़ी ताकत बनकर उभरेगी। भाजपा की नफरत फैलाने वाली राजनीति से सावधान रहने की जरूरत है। पूर्व सांसद राजपाल सैनी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। युवाओं को रोजगार देने का उसका वादा झूठा साबित हुआ है। किसानों को बिजली बिलों पर छूट देने की बजाय बिजली की दरें बढ़ा दी है। गन्ना भुगतान समय से नहीं हो रहा है। आम आदमी त्रस्त है। इस अवसर पर सतपाल कटारिया को जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नरेश गौतम, महिपाल माजरा, पूर्व सांसद कादिर राना, जियाउर्रहमान, रामनिवास पाल, लखीराम नागर, सतप्रकाश आदि ने विचार रखे।