मुजफ्फरनगर। गोहत्या पर पाबंदी और जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर नगर में भगवा रैली निकाली।
शनिवार को महासभा के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा के नेतृत्व में संगठन के कार्यालय शिव चौक से भगवा रैली का आयोजन किया गया। विभिन्न मार्गों से होते हुए रैली कलक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पर संपन्न हुई। डीएम राजीव शर्मा को पीएम के नाम सात सूत्री ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने कहा कि आज देश में हिंदुत्व को मजबूत करने का समय है। हमें एकजुट होकर देश और धर्म की रक्षा करने के लिए आगे आना होगा, तभी हम नई पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दे पाएंगे। उन्होंने प्रत्येक हिंदू से अपील करते हुए कहा कि वो अपने घर पर एक भगवा ध्वज अवश्य लगाएं। युवा अपने महापुरुषों के बलिदान को भी याद रखें। पीएम नरेंद्र मोदी के नाम दिए गए ज्ञापन में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गोहत्या में शामिल लोगों पर रासुका लगाने, जनसंख्या नियंत्रण कानून शीघ्र समान रूप से लागू कराने, किसानों और ग्रामीणों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराने, मदरसों की जांच के लिए विशेष टीम का गठन कराने की मांग की है। अमरीश त्यागी, दीपक शर्मा, नवीन कंसल, गीतांजलि सिंह, हिमांशु शर्मा, नरेंद्र पाल, सोना सिंह, साक्षी वर्मा, मनोज ठाकुर, हरीश कुमार आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।