मुजफ्फरनगर। पांच मार्च से शुरू होने जा रही सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा कराने के लिए जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकलविहीन परीक्षा कराने को तमाम इंतजाम किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र और कमरों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। इस बार हाईस्कूल, इंटर के 10755 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक ने एसडी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या चंचल सक्सेना को बोर्ड परीक्षा का जिला कोआर्डिनेटर नियुक्त किया है। हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा कराने के लिए 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। शहर में एसडी पब्लिक स्कूल, होली एंजिल्स कॉन्वेंट स्कूल, एमजी पब्लिक स्कूल, एसएफ डीएवी पब्लिक स्कूल, गोल्डन पब्लिक स्कूल, शारदेन स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, स्टेपिंग स्टोंस परीक्षा केंद्र रहेंगे। खतौली में मॉर्डन पब्लिक स्कूल, केके पब्लिक स्कूल, मेपल्प स्कूल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनके अलावा नवोदय स्कूल बघरा, स्प्रिंग डेल्स स्कूल मंसूरपुर और मेपल्स स्कूल बुढ़ाना को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिला कोआर्डिनेटर चंचल सक्सेना ने बताया कि इस बार कुल 10755 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिनमें हाईस्कूल के 6068 और इंटर के 4687 परीक्षार्थी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पांच मार्च से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा 12 अपै्रल तक कराई जाएगी। परीक्षा की तमाम तैयारियों पूरी कर ली गई है।