डार्क जोन के किसानों के लिए सरकार की पहल
मुजफ्फरनगर। जिले के डार्क जोन के किसानों के लिए प्रदेश सरकार स्प्रिकंलर सिंचाई की योजना चलाई है। इस योजना से जल का अतिदोहन रुकेगा और किसानों की फसलों को अधिक लाभ होगा। योजना को क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी कृषि विभाग को दी गई है। स्प्रिकंलर सिंचाई पर होने वाले खर्च का 80 प्रतिशत सरकार किसानों को अनुदान के रूप में दे रही है।
प्रदेश सरकार की योजना के तहत कृषि विभाग सिंचाई जल के अतिदोहन से किसानों को राहत देने के लिए स्प्रिकंलर सिंचाई प्रणाली का लाभ उठाने के लिए किसानों को जागरूक करने का काम कर रहा है। जिले के डार्क जोन के ब्लाकों में क्रिटिकल और सेमी क्रिटिकल दोनों तरह के हैं। इन सब में योजना का प्रचार किया जा रहा है। बघरा, चरथावल एवं बुढा़ना ब्लाक डार्क जोन में होने के कारण सिंचाई जल की बचत के लिए स्प्रिकंलर सिंचाई प्रणाली से किसानों को यहां लाभान्वित किया जाएगा। लघु, सीमांत एवं अनुसूचित जाति के कृषकों को 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। कुल मूल्य रुपये 70 हजार में अनुदान के 63 हजार दिए जाएंगे। किसान को सात हजार खर्च करना होगा। सामान्य कृषकों को स्प्रिकंलर सिंचाई प्रणाली पर 80 प्रतिशत छूट दी जाएगी। 70 हजार में उन्हें 56 हजार का अनुदान मिलेगा। किसान को 14 हजार खर्च करना पड़ेगा। कृषि उपनिदेशक नरेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों को लाभ के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा, जिन कृषक भाइयों ने पूर्व में अपना पंजीकरण करा रखा है, वे योजनांतर्गत लाभ लेना चाहते हैं। उन्हें अपने पंजीकरण में स्प्रिकंलर सेट दर्ज कराना आवश्यक है। विकास खंड बघरा, चरथावल एवं बुढाना के कृषकों को ही इसका लाभ दिया जाएगा।