आकाश के हत्यारोपी पर रासुका
मुजफ्फरनगर। नईमंडी कोतवाली पुलिस ने नसीरपुर के आकाश हत्याकांड में एक हत्यारोपी इसरार पर रासुका की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जिला कारागार में जाकर आरोपी को एनएसए की तामील करा दी है। पुलिस चार अन्य पर को भी रासुका में निरुद्ध करने की कार्रवाई में जुटी है।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव नसीरपुर में दो माह पहले पांच जून की देर शाम आकाश हत्याकांड हुआ था। ब्रजपाल और शहजाद पक्ष के बीच नाली के विवाद में शहजाद पक्ष ने फायरिंग की थी, जिसमें ब्रजपाल के युवा बेटे आकाश की मौत हो गई थी और कई परिजन घायल हुए थे। घटना से गांव में सांप्रदायिक तनाव बन गया था। मृतक के चाचा हरवीर की ओर से शहजाद, साजिद, ढोला, कादर, यासीन, इसरार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। साजिद को छोड़कर बाकी पुलिस ने जेल भेज दिए थे, जबकि साजिद पुलिस को चकमा देकर विदेश फरार हो गया था। नईमंडी कोतवाल कुशलपाल सिंह ने बताया कि डीएम और एसएसपी की संस्तुति पर हत्यारोपी इसरार पुत्र फजलू पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) की कार्रवाई की गई है। शुक्रवार को जिला कारागार में जाकर आरोपी इसरार को रासुका तामील करा दी गई है। उन्होंने बताया कि बाकी चार और आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। फरार साजिद के भी खिलाफ भी कुर्की की कार्रवाई कराई जा रही है।