मुजफ्फरनगर। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल में पीआरडी जवानों की भर्ती में फर्जीवाड़े को लेकर उठा विवाद थम नहीं रहा है। 2013-14 में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जवानों का आरोप है कि बड़ी संख्या में ऐसे जवानों को भर्ती दिखा गया है, जिन्होंने प्रशिक्षण ही नहीं लिया। उन्होंने उस दौरान तैनात रहे अधिकारियों को जिले में बुलाने की मांग की है। युवा कल्याण विभाग में बिना प्रशिक्षण प्राप्त जवानों से चुनाव ड्यूटी कराने के मामले का खुलासा होने के बाद से विभाग में हलचल जारी है। विभाग की ओर से तैनात जवानों की सूची तैयार की गई, लेकिन इस पर आरोप लग रहे हैं। 2013-14 में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सोनू कुमार, रामअवतार, विनोद कुमार, अमित कुमार, अब्दुल रहीम, विकास, राहुल, नवाब, सावन, अमित राणा, अनूप कुमार, अनुज कुमार, सहदेव आदि का आरोप है कि विभागीय सूची में करीब 35 ऐसे लोगों के नाम शामिल कर दिए गए हैं, जिन्होंने प्रशिक्षण लिया ही नहीं। इसके विपरीत जिन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा उनके पास प्रमाणपत्र भी हैं, उनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने जिला युवा कल्याण अधिकारी को ज्ञापन देकर 2013-14 में जिले में तैनात रहे अधिकारियों को बुलाकर मामले में स्थिति साफ करने तथा तब तक इस प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं करने की मांग की है।