42 स्कूलों में तैयार होंगे स्टूडेंट पुलिस कैडेट्स
मुजफ्फरनगर। अब विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्हें सामाजिक और नैतिक दायित्वों के साथ ही कानून की जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए स्टूडेंट पुलिस कैडेट्स योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत जनपद में 42 स्कूलों का चयन किया गया। चार जुलाई को इन स्कूलों के आठवीं और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों का एक कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा।
शिक्षा में संस्कार को बढ़ावा देने के साथ ही विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए इस योजना की शुरुआत की गई है। योजना के तहत छात्र-छात्राओं को सामाजिक गतिविधियों में शामिल कर उनमें मानवीय एवं सामाजिक गुणों का विकास करने का प्रयास किया जाएगा। छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास पर जोर होगा तथा उन्हें सामाजिक एवं कानूनी नियमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि आगे चलकर छात्र-छात्राएं देश के एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि योजना के तहत बेसिक शिक्षा विभाग के तितावी, बुढ़ाना, खामपुर, तिसंग एवं बराल के स्कूलों को चुना गया है। इन स्कूलों के कक्षा आठ के विद्यार्थियों को इसमें शामिल किया जाएगा। इसके अलावा 37 स्कूल माध्यमिक शिक्षा विभाग लिए गए हैं। इनमें ज्यादातर राजकीय इंटर कॉलेज एवं हाईस्कूल शामिल हैं। इनमें पढ़ने वाले कक्षा नौ के विद्यार्थियों को स्टूडेंट पुलिस कैडेट्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं को थानों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे पुलिसिंग को समझ सकें तथा उनमें कानून की समझ विकसित की जा सके। इस संबंध में पुलिस विभाग से भी समन्वय बना लिया गया है। कार्यशालाओं के माध्यम से उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा।