दूसरे दिन कॉलेजों में हुए बंपर एडमिशन
मुजफ्फरनगर। शहर के डिग्री कॉलेजों में एडमिशन के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं की लंबी कतारें लगी। एसडी, डीएवी, छोटूराम और जैन डिग्री में विद्यार्थियों में एडमिशन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। एसडी में बीकॉम, डीएवी में बीएससी, जैन में बीए और छोटूराम में बीएससी एग्रीकल्चर में एडमिशन के लिए मारामारी रही।
एसडी डिग्री कॉलेज में दूसरे दिन बीकॉम में 100 एडमिशन हुए। बीए में 93 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। बीएससी मैथ में 28, बायो में दस और होमसाइंस में 19 एडमिशन हुए। एडमिशन को लेकर सुबह से ही कॉलेज में भारी भीड़ रही। डीएवी डिग्री कॉलेज में एडमिशन के दूसरे दिन बीएससी मैथ में 73 प्रवेश हुए। बीएससी बायो में 52 और बीए में 32 ने प्रवेश लिया। यहां भी छात्र-छात्रा सूची में अपना नाम देखने के लिए सुबह ही पहुंच गए थे। जैन कन्या डिग्री कॉलेज में बीए में 100 छात्राओं ने एडमिशन लिया। बीकॉम में यहां 38 और बीएसएसी में 20 एडमिशन हुए। छोटूराम डिग्री कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे दिन बीएससी एग्रीकल्चर में 89, मैथ में 24, बायो में 14 और बीकॉम में चार प्रवेश हुए।
भटकते रहे अभिभावक
मुजफ्फरनगर। विश्वविद्यालय ने जो सूची जारी कि उसमें खामियां सामने आई हैं। शहर में 50 से अधिक ऐसे छात्र सामने आए, जिनके अधिक प्रतिशत अंक होते हुए भी सूची में नाम नहीं आया। एसडी कॉलेज में बीकॉम के ऐसे छात्रों ने हंगामा भी किया। बाद में कॉलेज में विश्वविद्यालय को इन छात्रों का मेल किया। डीएवी और छोटूराम कॉलेज में भी इस तरह के छात्र-छात्रा सामने आए। इनके अभिभावक कॉलेज प्रशासन से सवाल करते रहे कि उनके बच्चों का क्या होगा।
पहली सूची तीसरी बार जारी होगी
मुजफ्फरनगर। तकनीकी खामियों के कारण विश्वविद्यालय ने दूसरे दिन के एडमिशन होने के बाद सूची को रोक दिया है। 26 को सुबह ही पहली सूची को तीसरी बार जारी किया जाएगा। कॉलेजों में सुबह के समय ही यह सूची चस्पा हो जाएगी। इसी के आधार पर प्रवेश होंगे।