मुजफ्फरनगर। रेलवे के बड़ौदा हाउस से आई तीन सदस्यीय विजिलेंस टीम ने स्टेशन पर छापा मारा। इस दौरान टिकट आरक्षण का पांच दिनों का रिकार्ड खंगाला गया।
शुक्रवार को दिल्ली स्थित रेलवे के मुख्यालय बड़ौदा हाउस से विजिलेंस की तीन सदस्य टीम एसके नेगी, अमित शर्मा, अजय गुप्ता ने सुबह करीब दस बजे यहां आकर जांच पड़ताल की। आरक्षण विंडो पर एक आदमी को दूसरे का टिकट लेते हुए टीम ने पकड़ लिया। हालांकि पूछताछ के दौरान वह चकमा देकर फरार हो गया। टीम ने सीआरसी आनंद प्रकाश गौतम से बीते पांच दिनों का टिकट आरक्षण का रिकार्ड लेकर जांच पड़ताल की। इसके बाद टीम ने मुख्य टिकट विंडो पर पहुंच गई। जहां जांच पड़ताल करते हुए चीफ विंडो सुपरवाइजर मोहम्मद फारुक से जानकारी ली, तो उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद टीम ने फिर से आरक्षण विंडो पर जांच पड़ताल की। चार घंटे जांच पड़ताल के बाद टीम दिल्ली लौट गई। स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि टीम टिकटों के आरक्षण से संबंधित जांच पड़ताल को आई थी।