मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के नोडल अधिकारी एवं प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा सचिव भुवनेश कुमार से मिलकर मुजफ्फरनगर तक रेपिड रेल लाने समेत औद्योगिक विकास के लिए कई मांग रखे। आईआईए के चैप्टर चेयरमैन कुश पुरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सचिव भुवनेश कुमार से मिला। उन्होंने रेपिड रेल मुजफ्फरनगर तक लाने, मेरठ में एक फैसिलिटेशन सेंटर खोलने व औद्योगिक नीति 2017 के शासनादेश को लेकर चर्चा की। साथ ही उद्यमियों को आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया। शुक्रताल में एक टाउनशिप विकसित करने की भी मांग की गई। सचिव भुवनेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को लखनऊ आने का आमंत्रण दिया तथा शासन स्तर पर इस संबंध में चर्चा करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर चैप्टर के पूर्व चेयरमैन नवीन जैन, विपुल भटनागर, पंकज जैन, अरविंद मित्तल, अमित गर्ग, तरुण गुप्ता, संदीप जैन, मनीष भाटिया, सुशील अग्रवाल, मैनपाल, कुलदीप आदि मौजूद रहे।