शरीर को निरोगी रखने के लिए योग बेहद जरूरी : डा. अनवर
देवबंद। जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज में शनिवार को योग पखवाड़ा आयोजित किया गया। जिसमें शिक्षकों ने रोग दूर करने के लिए योग को जरूरी बताया है। इस दौरान छात्रों को योग की विभिन्न क्रियाएं भी सिखाई गईं।
आयुष मंत्रालय के निर्देश पर यूनानी मेडिकल कॉलेजों में योग पखवाड़ा दिवस शनिवार से आरंभ हो गया। जिसके अंतर्गत जामिया तिब्बिया देवबंद में भी योग शिविर का शुभारंभ किया गया। डा. आजम ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, शवासन आदि की क्रियाओं का छात्रों को अभ्यास कराया। कॉलेज के सचिव डा. अनवर सईद ने कहा कि शरीर को निरोगी रखने के लिए जीवन में योग बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि 30 जून तक महाविद्यालय में प्रतिदिन योग की कक्षाएं लगाई जाएंगी, जबकि 21 जून को पांचवीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर कॉलेज में संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। जिसमें वक्ताओं ने योग के बारे में विचार रखे।