नकल प्रकरण में हो सकती है सख्त कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। जिले के जनता इंटर कॉलेज बाढ़ में सामूहिक नकल पकड़े जाने के मामले को प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है। सीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक में बाढ़ जैसी पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ के नकल प्रकरण में भी शीघ्र ही बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
जिले के जनता इंटर कॉलेज बाढ़ में एसटीएफ ने इंटरमीडिएट के फिजिक्स के पेपर में सामूहिक नकल पकड़ी थी। नकल कराते 17 लोगों को नकल माफिया सहित जेल भेजा था। जिला प्रशासन ने गैंगस्टर में भी इन लोगों पर कार्रवाई की थी। डीएम अजय शंकर पांडेय ने डीआईओएस की भूमिका की जांच कराई थी। जांच में नकल माफिया से डीआईओएस की संलिप्तता पाई गई। यह रिपोर्ट प्रशासन ने शासन को भी भेजी थी। सामूहिक नकल पकड़े जाने का इतना बड़ा मामला होने के बाद भी इसमें अब तक शासन से कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। केवल बोर्ड परीक्षा प्रभारी लिपिक को सस्पेंड किया गया है। सेंटर लगवाने में शामिल अफसरों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सभी आरोपियों की जमानत हो चुकी है। गत दिवस प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली तो सामूहिक नकल पकड़े जाने के मामले को उन्होंने गंभीरता से लिया। उन्होंने आरोपी अधिकारियों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं। यही नहीं आगे यदि नकल पकड़ी जाती है तो उस पर बड़ी और ठोस कार्रवाई की बात कही है।