आईजी ने श्मशान घाट की दीवार का निर्माण कराने के निर्देश दिए
खतौली। थाना संपूर्ण समाधान दिवस में आईजी शरद सचान ने ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस व लेखपालों की टीम को गांव जावन में श्मशान घाट की दीवार का निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण होना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह से संतुष्ट हो जाएगा।
शनिवार को थाना संपूर्ण समाधान दिवस में आईजी शरद सचान आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। आईजी ने समाधान दिवस में तहसील से संबंधित अधिकारियों और लेखपालों की उपस्थिति पंजिका और रजिस्टर का अवलोकन किया। लेखपालों से शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी लेते हुए पुलिस का सहयोग लेने की बात कही। इस दौरान गांव जावन के ग्रामीण ठाकुर मनवीर सिंह, राजेश, कृष्णपाल, आनंद आदि ने आईजी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि सांसद डा. संजीव बालियान की निधि से गांव जावन में श्मशान घाट की चारदीवारी होनी थी। इस श्मशान घाट की दो तरफ की चारदीवारी हो चुकी है, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने बाकी दीवार करने का विरोध कर दिया था, जिस कारण ठेकेदार और मजदूरों ने काम बंद कर दिया था। आईजी ने इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा और लेखपाल को एक सप्ताह के भीतर श्मशान घाट की दीवार का निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का मौके पर ही जाकर निस्तारण होना चाहिए, ताकि शिकायतकर्ता पूरी तरह से संतुष्ट हो सके। आईजी ने कहा कि समाधान दिवस में बहुत कम शिकायतें आती हैं। इसके बाद, आईजी ने थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इंस्पेक्टर को वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, रात में गश्त कराने तथा दरोगाओं और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। समाधान दिवस में मात्र तीन शिकायतें दर्ज की गई। थाना संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, ईओ जयप्रकाश यादव, एसएसआई मनोज यादव आदि लेखपाल उपस्थित रहे।