मुजफ्फरनगर। वेतन, एरियर समेत विभिन्न मांगों के पूरा नहीं होने पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। कूड़ा वाहनों को नगर पालिका परिषद से बाहर नहीं निकलने दिया गया। बाद में एडीएम प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों से बात कर उन्हें आश्वासन दिया, तब जाकर दोपहर बाद कूड़ा उठाने का काम शुरू हो सका।
नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ ने आउटसोर्सिंग पर रखे गए कर्मचारियों को चार माह से वेतन नहीं मिलने तथा एरियर का रुका हुआ भुगतान दिलाने की मांग की थी। इसके अलावा सेवानिवृत्त हो चुके 20 से अधिक कर्मचारियों तथा सेवाकाल में मृतक दस कर्मचारियों के देयकों के भुगतान की भी मांग की थी। इन मांगों को लेकर 11 जून को उन्होंने ईओ ओम गिरि का घेराव भी किया था। इन्हीं मांगों को लेकर शुक्रवार सुबह सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। कूड़ा उठाने के वाहनों को वर्कशॉप से नहीं निकलने दिया गया। सूचना पर एडीएम प्रशासन अमित सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बात की और समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारी मान गए और उन्होंने हड़ताल खत्म कर दी। दोपहर करीब दो बजे से कूड़ा उठाने वाले वाहन नगर पालिका परिसर से बाहर निकल पाए। नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेश ऊंटवाल और महामंत्री राजू वैद समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।