कांशीराम कॉलोनी में कनेक्शन देने का काम शुरू
मुजफ्फरनगर। कांशीराम कॉलोनी में बिजली कनेक्शन देने का काम शुरू हो गया है। कुछ घरों में मीटर भी लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही पेयजल पाइप लाइन में हो रहे लीकेज को भी ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। अमर उजाला ने कांशीराम कॉलोनी में बिजली और पेयजल की समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
वर्ष 2011 में बसपा सरकार के दौरान शहर के शामली रोड पर खांजापुर में कांशीराम कॉलोनी का निर्माण शुरू हुआ। 2012 में प्रदेश में सपा की सरकार आने के बाद कालोनी के अधूरे काम बीच में ही लटक गए। पांच साल तक यह कालोनी बिजली, पानी और सड़क के बिना पड़ी रही। भाजपा सरकार में इस कॉलोनी का निर्माण पूरा कराया गया। जिला प्रशासन ने 500 बेघरों को लॉटरी से आवासों का आवंटन कर दिया। 14 मार्च 2019 को मकान आवंटित होने के बाद सभी परिवार यहां रहने लगे, बिजली और पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई थी। अमर उजाला ने 30 मई को मामला प्रमुखता से उठाया। स्थानीय निवासियों के खुले में रात गुजारने के फोटो सहित खबर प्रकाशित हुई तो प्रशासन हरकत में आया। बिजली विभाग और एमडीए के बीच फंसे मामले का निस्तारण करने का काम शुरू हुआ। एमडीए की ओर से नलकूप पर जनरेटर लगाकर सुबह- शाम पेयजल की आपूर्ति शुरू करा दी गई, लेकिन पाइप लाइन में लीकेज होने से दिक्कत होने लगी। बुधवार को पाइप लाइन के लीकेज भी ठीक कर दिए और आपूर्ति सुचारु हो गई। उधर, कॉलोनी में रहने वाले आदित्यराज एवं रीना शर्मा के आवास में मीटर लगाकर बिजली कनेक्शन देने की शुरुआत कर दी गई। बुधवार की शाम को बिजली विभाग के कर्मचारी कॉलोनी में पहुंचे और कुछ और घरों में भी मीटर लगाकर आपूर्ति सुचारु करा दी।
शुल्क जमा करने पर मिला कनेक्शन
कांशीराम कॉलोनी में कनेक्शन के लिए एमडीए को चार्ज जमा करना था। एमडीए के शुल्क जमा नहीं करने पर ही कनेक्शन नहीं हो रहे थे। बिजली विभाग ने लाभार्थियों से शुल्क लेकर कनेक्शन देने शुरू कर दिए हैं। जो लाभार्थी 1750 रुपये की रसीद कटवा रहे हैं उनके ही कनेक्शन जोड़े जा रहे हैं।