चरथावल। उत्तराखंड के युवक ने मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.53 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। चरथावल के दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा कायम कराया है। घटना तीन साल पुरानी है।
2022 में कोटद्वार के गांव लोकमणिपुर सिगड्डी निवासी नरेंद्र चरथावल कस्बे में अपने कोच अंकित आर्य के पास आया था। यहां 21 नवंबर 2022 को वादी को दीपक कश्यप से मिलवाया गया। आरोप है कि मर्चेंट नेवी में भर्ती कराने का झांसा देकर दीपक ने तीन लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने अलग-अलग तिथियों में 1.10 लाख रुपये अंकित के खाते में और 43 हजार रुपये दीपक के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने युवक को ट्रेनिंग के लिए मुंबई भेजा लेकिन कोई ट्रेनिंग नहीं कराई गई और पासपोर्ट जब्त कर लिया।
घटना के वक्त आरोपियों ने युवक को मुंबई से अपने घर आने के लिए बोल दिया। तीन साल से युवक आरोपियों से रुपये वापस करने के लिए तकाजा कर रहा है। इसके बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। पीड़ित ने सीओ कोटद्वार को शिकायती पत्र दिया। लेकिन घटनास्थल चरथावल का होने के कारण तहरीर को चरथावल भेज दिया गया। थाना पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।