सात करोड़ हजम कर व्यापारी भूमिगत
मुजफ्फरनगर। नवीन मंडी स्थल पर व्यापार करने वाला एक व्यापारी काफी कारोबारियों से सात करोड़ रुपये लेकर भूमिगत हो गया है। लगभग 50 कारोबारियों का आरोपी व्यापारी रुपये लेकर चंपत है। व्यापारी की मंडी स्थित दुकान और नईमंडी स्थित एसडी पब्लिक वाली गली के पास घर पर 25 दिनों से ताला लगा है। जिन लोगों का पैसा है अब वह चौतरफा घूम रहे हैं। शुक्रवार को ठगी का शिकार हुए कारोबारियों ने आरोपी की दुकान पर हंगामा किया। इस संबंध में एक पीड़ित ने मंडी समिति में शिकायत भी की है।
नवीन मंडी स्थल पर व्यापार करने वाला एक व्यापारी कुछ कंपनियों की एजेंसी लेकर व्यापार करने के साथ ब्रोकर का काम भी करता था। ब्याज पर पैसा दिलाने में कमीशन लेता था। उसका यह काम काफी लंबे समय से चल रहा था। अचानक उसने कुछ दुकानदारों के नाम की फर्जी चिट्ठियां बनाकर लगभग 50 कारोबारियों से ब्याज पर चलाने के लिए पैसा लिया। बाजार से धीरे-धीरे उसने सात करोड़ एकत्र किया। यह पैसा एकत्र कर वह करीब तीन सप्ताह पहले पूरे परिवार के साथ गायब हो गया। पैसा देने वाले लोग जब व्यापारी के नाम की चिट्ठी लेकर उसके पास पहुंचे तो मामला खुला। 25 दिन से दुकान और घर पर लगातार ताला लगा होने के कारण पैसा देने वालों को टेंशन भी हुई। आरोपी व्यापारी की दुकान में लगभग 20 लाख का सामान भी पड़ा है। शुक्रवार को जब उसके मुनीम ने माल निकालने का प्रयास किया तो कुछ ऐसे व्यापारियों ने हंगामा कर इसका विरोध किया जिनका पैसा है। व्यापारियों ने बताया कि कुछ लोगों से उसने हाथ उधार भी ले रखा है। ऐसे ही एक व्यापारी ने मंडी समिति में लिखित शिकायती पत्र दिया है कि उसकी दुकान को किसी को हस्तानातंरित न किया जाए। मंडी समिति एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल और सचिव श्याम सिंह सैनी ने बताया कि 25 दिन से दुकान बंद होने के कारण वे लोग सामने आ रहे हैं, जिनसे पैसा लिया गया है। दुकान में जो माल है, उसे लेकर भी व्यापारियों से बात होने के बाद ही कुछ सोचा जाएगा। भूमिगत व्यापारी के कारण शहर में चर्चा आम है।