विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प
मुजफ्फरनगर। गांधी कालोनी पचेंडा रोड पर स्थित पीआर पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय स्काउट और गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। जिला मुख्य आयुक्त डॉ कंचन प्रभात शुक्ला ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। विद्यार्थियों ने समाज और राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
स्कूल में लगे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों को अनुशासन में रहना, किसी भी परिस्थिति का सामना करना सिखाया गया। इनका मूल मंत्र है, कोशिश करो, तैयार रहो और सेवा करो। जिला संगठन कमिश्नर भारत भूषण अरोरा, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर रेनू गर्ग के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने तीन दिन उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने टेंट बनाना, एक दूसरे का सहयोग करना व सेवा करना सीखा। समापन के दिन विद्यार्थी फूड प्लाजा के लिए अपने घरों से भिन्न-भिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर लाए। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार से मंजिलें बनानी सीखी, जिसकी सहायता से ऊंची इमारतों पर मुसीबत में फंसे व्यक्तियों को बचाया जा सके। प्रबंधक अशोक सिंघल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्या मानसी सिंघल ने विद्यार्थियों को भविष्य में ऐसे ही कार्यक्रम में प्रतिभाग लेने के लिए प्रेरित किया। संचालन शिक्षिका पलक अरोरा ने किया।