शुगर मिल के दस गन्ना क्रय केंद्र हुए पेपर पर्ची से मुक्त
खतौली। प्रदेश सरकार के निर्देश पर शत-प्रतिशत एसएमएस से गन्ना तौल चीनी मिल खतौली द्वारा दस गन्ना क्रय केंद्रों पर लागू कर दी गई है।
गन्ना क्रय केंद्र गांव बड़सू पर बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सुधीर सैनी द्वारा एसएमएस से गन्ने की तौल का शुभारंभ किया गया। कृषकों से अपील की गई कि उन्नत तकनीकी का लाभ उठाएं और पर्ची वितरण की समस्याएं, पर्ची गायब होने की समस्या, समय से पर्ची न प्राप्त होना आदि समस्याओं से छुटकारा पाएं। जिलाध्यक्ष ने कृषकों से कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण से इस व्यवस्था को लागू कराने में सहयोग करें। चेयरमैन ओमवीर सिंह ने कहा कि शुरुआत में समस्याएं आती हैं, परंतु यह अच्छी व्यवस्था है, इसका किसानों को लाभ मिलेगा। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने कृषकों को संबोधित करते हुए बताया कि विभाग द्वारा एसएमएस से गन्ने की तौल कराने के लिए चीनी मिल खतौली प्रदेश एवं जिले में प्रथम स्थान पर है। इसके लिए चीनी मिल जनप्रतिनिधियों एवं कृषकों का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने एसएमएस व्यवस्था के लाभ और बारीकियों को समझाया। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बीएम पाठक, सुभाष यादव सचिव, कुलदीप राठी महाप्रबंधक गन्ना, एके सिंह सह महाप्रबंधक गन्ना ने एसएमएस व्यवस्था को कृषकों के लिए उपयोगी तथा वन एवं पर्यावरण के लिए सुरक्षित बताया। चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र सिकंदरपुर, जावन, पमनावली, गगसोना, जंधेड़ी रोड, राटोर, मकसूदाबाद आदि पर भी गन्ना तौल हेतु पेपर पर्ची बंद कर दी गई है। इन क्रय केंद्रों पर भी अब केवल एसएमएस से ही तौल की जाएगी। किसानों से अपने मोबाइल नंबर को अपडेट कराने हेतु अपना मोबाइल नंबर संबंधित गन्ना समिति अथवा चीनी मिल में नोट करा दें, ताकि उन्हें भी गन्ने की पर्ची का एसएमएस प्राप्त हो सके तथा उनके गन्ने की तौल सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन ऋषिपाल भाटी, रामनिवास, प्रवेश उर्फ लटूरे सिंह डायरेक्टर आदि उपस्थित रहे।