मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एनसीसी-82, यूपी बटालियन के ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े का शुभारंभ प्रधानाचार्य सतीश उपाध्याय और एनसीसी के केयर टेकर राजकमल वर्मा ने विद्यालय में झाड़ू लगाकर किया।
विद्यालय में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा आगामी दो अक्टूबर तक चलेगा। जिसके अंतर्गत सामूहिक जागरूकता रैली, भाषण, गीत, नुक्कड़ नाटक, श्रमदान, मूर्तियों की सफाई, वाल पेंटिंग और पार्कों की सफाई, स्कूल कॉलेजों की सफाई आदि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। राजकमल वर्मा ने बताया कि स्वच्छता एक आदत है, जिसको हमें प्रतिदिन के अनुभव में शामिल करना चाहिए। कैडेट अनमोल धीमान ने छात्रों को स्वच्छता बनाये रखने की शपथ दिलाई। प्रधानाचार्य ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों और सरकारी विभागों की ही जिम्मेदारी नहीं है, अपितु देश के प्रत्येक नागरिक का अनिवार्य कर्तव्य है। निर्मलता और स्वच्छता दोनो ही स्वस्थ तथा शांतिपूर्ण जीवन के लिए अति आवश्यक हैं। शिक्षक महेश कुमार, पंकज त्यागी, विक्रांत सैनी, अंकुर राजवंशी, केएन पंत, नवनीत कुमार, डॉ वंदना शर्मा, रीता मावी, रविप्रकाश आदि उपस्थित रहे।