जानसठ। गांव मंतौड़ी के पास एक पब्लिक स्कूल की बस पलट गई। इसमें सवार कई बच्चे चोटें लगने से घायल हो गए। हादसा टायर फटने से हुआ। खबर मिलने पर परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। राहगीरों ने बस के अंदर से बच्चों को बमुश्किल बाहर निकाला।
गांव तिसंग के सिटी कांवेंट पब्लिक स्कूल की बस गांव मंतौड़ी से शुक्रवार की सुबह बच्चों को लेकर आ रही थी। बस में कई बच्चे सवार थे। गांव से कुछ दूरी पर ही टायर फटने से बस अनियंत्रित होकर एक खेत में पलट गई। इससे बच्चों की चीख पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने बच्चों को बस से बमुश्किल बाहर निकाला। बस पलटने की खबर से परिजनों व स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। तुरंत सभी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में रितिका, कपिल, वंश, नानू व तनु आदि बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को परिजन अपने साथ ले गए और निजी चिकित्सक के यहां उनका उपचार कराया। बाकी बच्चों को दूसरी वैन से स्कूल में भिजवाया गया। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों को लाने ले जाने के लिए खटारा बस लगा रखी है। कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रबंधक इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मान्यता कक्षा आठ तक, पढ़ाते हैं 12वीं कक्षा तक
सिटी कांवेंट पब्लिक स्कूल की मान्यता कक्षा आठ तक की है, जबकि स्कूल गांव में दो अलग अलग बिल्डिंग में चलाया जा रहा है। आरोप है कि स्कूल में कक्षा 9 से 12 कक्षा तक के बच्चों को भी बिना मान्यता के ही शिक्षा दी जा रही है। स्कूल प्रबंधक गुरुदत्त शर्मा ने बताया कि बस खराब हो गई थी। बच्चों को कोई चोट नहीं लगी है। स्कूल की मान्यता कक्षा आठ तक की है। एबीएसए नीलम तोमर ने बताया कि तिसंग गांव के सिटी कांवेंट पब्लिक स्कूल को कक्षा 8 तक की मान्यता है। यदि कक्षा 12 तक की कक्षाएं संचालित की जा रही है, तो जांच पड़ताल कर स्कूल प्रबंधक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।