मां-बेटियों पर हमला
भोपा। क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि गांव के कुछ लोगों को पुलिस हाल ही में गोकशी समेत अन्य आरोपों में जेल भेज चुकी है। आरोप है कि इसे लेकर गांव के कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हुए मुखबिरी का शक जताते हैं। महिला के अनुसार बृहस्पतिवार को गांव के ही कई युवक लाठी-डंडे व हथियारों के साथ उसके घर में घुस आए और गालीगलौज करते हुए घर में मौजूद महिला व उसकी दो बेटियों के साथ मारपीट कर उनके कपड़े तक फाड़ डाले। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। महिला ने हमलावरों से जान का खतरा जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पति पर बेटी को अगवा करने का आरोप
भोपा। भोपा थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पूर्व हुई थी। उसके दो साल की बेटी है। महिला के अनुसार, उसका पति नशे का आदी है, जिससे मना करने पर मारपीट करता है। इसके चलते वह कुछ दिन पूर्व बेटी को लेकर हरियाणा के जगाधरी स्थित मायके चली गई थी। आरोप है कि बुधवार देर शाम पति जगाधरी पहुंचा और उसे बाथरूम में बंद कर बेटी को अगवा कर फरार हो गया। महिला ने पति से बेटी की जान को भी खतरा जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।