भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया डॉ. मुखर्जी बलिदान दिवस
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 65वीं पुण्यतिथि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिवस के रूप में मनाई।
शहर के रुड़की रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर शनिवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि मनाते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य वक्ता पूर्व विधायक अशोक कंसल ने कहा कि आजाद भारत में देश की एकता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी ने अपने प्राणों की आहुति देकर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने का काम किया। जम्मू-कश्मीर में भारतीयों का प्रभुत्व और उन्हें आने जाने की आजादी डॉ. मुखर्जी के बलिदान से ही मिली है। डॉक्टर मुखर्जी ने भारत में जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा दिए जाने के कारण दो निशान, दो प्रधान और दो विधान की व्यवस्था और कश्मीर घाटी में किसी को भी बिना वीजा के प्रवेश की अनुमति नहीं दिए जाने का विरोध करते हुए कश्मीर पहुंचकर आंदोलन किया, जहां जेल में उनकी विषम परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत का राज आज भी खुला नहीं है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। जिला महामंत्री हरीश अहलावत ने कार्यकर्ताओं को 24 जून को विशेष मतदाता पुनरीक्षण दिवस होने की जानकारी देते हुए अपने अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा मतदाता बनवाने के लिए काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्ष नई मंडी मंडल अध्यक्ष सभासद सुनील शर्मा ने की तथा संचालन केशव मंडल अध्यक्ष रोहताश पाल ने किया। इस अवसर पर शरद शर्मा, विशाल गर्ग, देशबन्धु तोमर, नवीन चंदेल, पंकज माहेश्वरी, शिवकुमार, कपिल पाहुजा, रोहित तायल आदि मौजूद रहे।