मां की हत्या के चश्मदीद गवाह के बेटे के अपहरण का प्रयास
मुजफ्फरनगर। कार सवार लोगों ने एक बालक के अपहरण का प्रयास किया। बालक अपनी मां की हत्या का चश्मदीद गवाह है। लोगों के शोर मचाने पर आरोपी बालक को छोड़ कर फरार हो गए। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दक्षिणी खालापार के जहांगीर ने इस संबंध में शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि मुल्हूपुरा में उसकी बेटी सितारा की 19 सितंबर 2017 को उसके पति नौशाद ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। नाती जैद व नातिन मुस्कान चश्मदीद गवाह है। बच्चे अब उनके पास रह रहे हैं। आरोप है कि 10 मई को उसका नाती जैद स्कूल से छुट्टी के बाद घर आ रहा था, तभी नौशाद के कुछ रिश्तेदारों ने उसका अपहरण करने का प्रयास किया। बच्चे ने शोर मचाया तो लोग आ गए, जिस पर आरोपी उसे छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
हत्या के प्रयास का आरोपी बंदी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सुजडू के साजिद उर्फ कुंदन पुत्र शफीक के खिलाफ वर्ष 2016 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था, तभी से वह फरार था। पुलिस ने उसे घर से तमंचे समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नर्सिंग होम के जेनरेटर में लगी आग
अफरातफरी मची, लोग बाहर भागे
मुजफ्फरनगर। सदर बाजार में एक नर्सिंग होम के जेनरेटर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। मरीज और तीमारदार अस्पताल से निकल कर बाहर आ गए। बाद में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
सदर बाजार में डा एआर रहमान के नर्सिंग होम की छत पर जेनरेटर रखा है। रविवार शाम को अचानक जेनरेटर में आग लग गई। लोगों ने शोर मचाया तो अस्पताल में अफरातफरी मच गई। तीमारदार अपने मरीजों को लेकर अस्पताल से बाहर आ गए। स्टाफ भी बाहर भाग खड़ा हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर जाकर आग पर काबू पाया।
बागोवाली में गोकशी पकड़ी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने एक सूचना के आधार पर गांव बागोवाली में छापा मारकर गोकशी पकड़ी। पुलिस ने मौके से डेढ़ क्विंटल मांस, उपकरण आदि सामान बरामद किया। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि आरोपी नईम पुत्र शरीफ, नसीम उर्फ मोटा पुत्र शरीफ, फुरकान पुत्र रफीक और रथेड़ी का शहजाद फरार हो गए, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।