जाम के झाम से कैसे मिलेगी मुक्ति
भोपा (मुजफ्फरनगर)। गंगा स्नान मेले से लौटते वक्त भक्तों की भारी भीड़ से भोपा और मोरना में लगने वाला जाम पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। इस बार गंगा स्नान के मुख्य दो दिनों मे जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है। मुख्य स्नान शनिवार का है। इस दिन भोपा के मैन बाजार में पैठ लगती है, जब की शुक्रवार को मोरना में पैठ लगती है।
तीर्थ नगरी शुक्रताल में चल रहे गंगा स्नान मेला अपनी चरम सीमा पर है । लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ मेले में पहुंचती है। शुक्रवार की रात में भक्तों की भारी भीड़ तीर्थनगरी जाएगी। इसी दिन मोरना में पैठ बाजार लगता है। मुख्य स्नान के दिन शनिवार को भोपा मे मुख्य मार्ग पर पैठ बाजार लगेगा और इसी दिन एक साथ लाखो श्रद्धालुओं की भीड़ अपने घरों को प्रस्थान करेगी, जिससे इस बार जाम लग सकता है। इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस व मेला प्रशासन की पहले से कोई तैयारी नहीं होती है। इसी कारण हर श्रद्धालु इस जाम के झाम में फंस जाता है। आनन फानन में पुलिस को ऐन मौके पर व्यवस्था बनानी पड़ती है। पिछले काफी समय से पहले ही भोपा गंगनहर पुल पर रोज रोज जाम लगता रहता है। मेला प्रशासन को इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई अमल में लानी होगी।