खाद्य विभाग की टीम ने दूध-मावे के नमूने लिए
मुजफ्फरनगर। ईद के पर्व पर मिलावटी दूध और मावे को रोकने के लिए खाद्य विभाग की टीम ने जिले के कई मुख्य मार्गों पर अभियान चलाया। दूधियाओं और मावा विक्रेताओं के मावे के नमूने लिए। विभाग की कार्रवाई से जिले भर में हड़कंप मचा रहा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम के सचल दल ने शामली रोड, पीनना बाईपास पर वाहन टेंपो को संदेह के आधार पर रोका। वाहन में बिक्री को लाए जा रहे मावे का निरीक्षण किया। लगभग 150 किग्रा मावा मिला। मावे में मिलावट का संदेह होने पर मोहम्मद जमा का सारा मावा रोक लिया गया। मावे के दो नमूने लिए गए। जमा ने बताया कि वह कर्मचारी है, मालिक शकील पुत्र हमीद बुड़ीना खुर्द है। खतौली में आनंदा ब्रांड के सील्ड पैक दूध एवं दही की गाड़ी को रोककर उसके नमूने लिए गए। दो नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इससे पूर्व आनंदा ब्रांड के सील्ड पैक दूध और पनीर के नमूने खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला में अधोमानक सिद्ध हो चुके हैं। टीम ने खतौली के होली चौक, नगर पालिका स्थित किसान डेयरी पर दूध का निरीक्षण किया। दूध का नमूना भी लिया गया। जिला अभिहीत अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि नमूनों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ईद के पर्व को देखते हुए सचल दल लगातार काम करेंगे।