मीरापुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह ने कहा कि चीनी मिलों ने 15 दिन के अंदर गन्ना भुगतान न किया तो मिलों को 15 प्रतिशत ब्याज सहित गन्ना भुगतान देना होगा। कहा कि खेती को लाभ का सौदा बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को आगे आना होगा।
रामराज के मॉडर्न इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित रैली में मुख्य अतिथि सरदार वीएम सिंह ने कहा कि सरकारों की लापरवाही के कारण आज किसान लुट रहा है। किसानों के बच्चों का खेती से मोहभंग हो रहा है, क्योंकि खेती लाभ का सौदा नहीं रहा है। चीनी मिल मालिक किसानों को गन्ना भुगतान समय पर नहीं दे रहे। उन्होंने मिल मालिकों को चेतावनी दी कि यदि गन्ना का भुगतान 15 दिन के अंदर न किया तो मिल मालिकों को किसानों को 15 प्रतिशत ब्याज देना होगा।
दावा किया कि यदि किसान मजदूरों की सरकार बनती है तो सब से पहले किसानों की फसलों के भुगतान की तुरंत व्यवस्था की जाएगी। चौधरी राजेंद्र सिंह टिकौला ने कहा कि किसान और मजदूर देश की रीढ़ हैं, इनको मजबूत करना जरूरी है।
सभा को शोभाराम आर्य, जोगिंद्र सिंह बांकुरा, चौधरी गोपाल सिंह, बलजीत सिंह, सरदार हरमिंदर सिंह, देवेंद्र सिंह, गुरुमित सिंह आदि ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता सरदार अपार सिंह व संचालन प्रमोद तंवर ने किया। हरचरण, नाहर सिंह, अवतार सिंह, रोहित, हमायत अली, बलजीत, रामपाल, अश्वनी आदि व्यवस्था बनाने में सक्रिय रहे।