चरथावल में बोर्ड की बैठक लेते चेयरमैन सतेंद्र त्यागी
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल में विकास कार्यों के लिए 15.49 करोड़ मंजूर
चरथावल। नगर पंचायत की बैठक में चालू वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों के लिए 15.49 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी मिल गई। 12 से अधिक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। नामित सभासदों ने बिना भेदभाव के कस्बे में विकास कार्य कराने का सुझाव दिया। उन्होंने चार महीने में एक बार कस्बे के सभी श्मशान घाटों की सफाई नगर पंचायत के सफाईकर्मियों द्वारा कराए जाने का प्रस्ताव दिया।
सोमवार दोपहर बाद नगर पंचायत सभागार में आयोजित बैठक चेयरमैन सतेंद्र त्यागी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। काफी दिनों बाद हुई मीटिंग का नजारा पूरी तरह बदला नजर आया। चेयरमैन और विरोधी पक्ष के सभी सदस्य विकास कार्यों के प्रस्तावों पर सहमत दिखे। नामित सदस्य मनीष गर्ग, मिथुन त्यागी और अजय वर्मा ने रामलीला मैदान में बिना प्रस्ताव के लगाए गए पंप पर आपत्ति की। उन्होंने कहा कस्बे के 14 वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएं। श्मशान घाटों की सफाई नियमित कराई जाएं। उन्होंने कहा कि पहले कस्बे की सीमा में ही विकास को रफ्तार दी जाएं। वरिष्ठ लिपिक ने बताया कि वर्ष 2020-21 के लिए 15.49 करोड़ का बजट पारित किया गया है। चरथावल-थानाभवन मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ स्वागत द्वार तक इंटरलॉकिंग निर्माण और पड़ने वाले नाले का निर्माण कराने पर सहमति बनी। कायाकल्प योजना के तहत कस्बे के दो परिषदीय स्कूलों में इंटरलॉकिंग कार्य, शुद्ध पेयजल के लिए आरओ एवं शासनादेश के मुताबिक कार्य कराया जाएगा। विभिन्न वार्डों में लगें चारों पंपों को जोड़ने के लिए पाइप लाइन निर्माण करने को मंजूरी मिली। नगर पंचायत की पशुवध की जगह को कब्जे से बचाने के लिए चहारदीवारी निर्माण कराने का प्रस्ताव पास हुआ। ईओ मनोज यादव, सदस्य सत्तार त्यागी, गय्यूर त्यागी, वर्षा गर्ग, बॉबी, वीरेंद्र त्यागी, सुनिल कश्यप, अशोक मीना, जानिस्ता, नईमा, शहजाद, नय्यूम, जगवती मौजूद रहे। अंत में देवीवाला वार्ड के सदस्य कुबेर दत्त के निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर शोक जताया।