पांच जून को कलक्ट्रेट घेरेंगे कश्यप समाज के लोग
मुजफ्फरनगर। कश्यप समाज की 17 उप जातियों को अनुसूचित जाति श्रेणी में शामिल करने की मांग को पांच जून को कलक्ट्रेट घेरा जाएगा। कश्यप समाज के लोग एक माह से कचहरी में मांग को लेकर धरना भी दे रहे हैं। शनिवार को महावीर चौक पर एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान कश्यप संघर्ष मोर्चा के संस्थापक मोतीराम कश्यप ने बताया कि कश्यप, कहार, धींवर, निषाद, बिंद, केवट, मल्लाह, गोंड, मांझी, मझकार, तुराहा व प्रजापति, कुम्हार राजभट आदि पूर्व प्रस्तावित 17 जातियों और उप जातियों को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल कराने की मांग को लेकर पांच मई से कलक्ट्रेट में धरना चल रहा है। अब मोर्चा ने निर्णय लिया है कि पांच जून को डीएम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें हजारों लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सदियों से कश्यप समाज और उसकी उप जातियों का शोषण होता आ रहा है। अंग्रेज हुकूमत के समय में ही इन जातियों को एससी श्रेणी का दर्जा मिला हुआ था, लेकिन आजाद भारत में इस समाज को लाभ से वंचित किया गया। इन जातियों और उपजातियों ने उस दौर से आज तक गुलामी का जीवन ही व्यतीत किया है। मंडल कमीशन की सिफारिशों के लागू होने पर उम्मीद जगी थी, लेकिन विभिन्न राजनीतिक दलों ने अन्य सामान्य वर्ग की जातियों को ओबीसी में शामिल कर इस समाज को लाभ से वंचित करने की साजिश की है। अब समाज अपना हक पाने के लिए आंदोनल की राह पर है। प्रेस वार्ता रामशरण कश्यप, भगवत सिंह कश्यप, कालूराम कश्यप, कृष्णपाल कश्यप, मांगेराम कश्यप, रामधन कश्यप, राहुल कश्यप, प्रदीप कश्यप और प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।