व्यापार मंडल ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण को उद्योग व्यापार मंडल ने आवाज उठाई। एडीएम प्रशासन को ज्ञापन देकर बढ़े हुए हाउस एवं वाटर टैक्स को कम करने तथा नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
सोमवार का व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम प्रशासन अमित सिंह को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका ने बिना फार्मूले के हाउस एवं वाटर टैक्स बढ़ा दिया है। इसे कम किया जाना चाहिए। नगर में शिव चौक, झांसी रानी चौक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने, मूलचंद स्वीट्स के सामने टूटी सड़क, रेलवे स्टेशन के सामने तथा सीओ आफिस के बराबर से गांधी कॉलोनी में खुले मेन हॉल को बंद कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय उपाध्यक्ष राजकुमार नरुला, जिलाध्यक्ष अशोक कंसल, प्रांतीय उपाध्यक्ष राकेश गर्ग, नगर अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री श्याम सिंह सैनी, प्रवीण खेड़ा, संजय मित्तल, सुनील तायल, बाबूराम मलिक, सरदार सुलखान सिंह, अनिल तायल, पंकज माहेश्वरी, विकास अग्रवाल आदि शामिल रहे।