स्वच्छता में पुरकाजी नगर पंचायत जिले में प्रथम
पुरकाजी। स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरकाजी नगर पंचायत ने जनपद में प्रथम स्थान पाया है। राष्ट्रीय स्तर पर नार्थ जोन में 110 वां और प्रदेश स्तर पर 31 वां स्थान पाने का गौरव भी हासिल किया है।
नगर पंचायत कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता के दौरान स्वच्छ भारत मिशन नगरीय कार्यक्रम अधिकारी और नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी ने यह जानकारी दी। बताया कि 24 फरवरी को आई केंद्रीय टीम ने कस्बे का भ्रमण कर गली मोहल्लों में जाकर सफाई और सुलभ शौचालयों के बारे में लोगों से जानकारी लेकर सर्वेक्षण किया था। कई बिंदुओं पर हुए सर्वेक्षण में अव्वल आने पर पुरकाजी नगर पंचायत को केंद्रीय पेयजल व स्वच्छता मंत्रालय ने जनपद में प्रथम व नार्थ जोन में 110 वां और प्रदेश स्तर पर 31 वां स्थान दिया है। चेयरमैन ने कहा कि सफाई कार्य में कर्मचारियों ने अच्छा काम किया है। घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने के अलावा हाईवे व बाजार आदि सहित गली मोहल्लों में सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। कस्बे में कई जगहों पर कूड़ेदान भी रखवाए गए हैं। पुरकाजी को बनाऐंगे देश का सबसे स्वच्छ नगर
चेयरमैन जहीर फारूकी ने नगर पंचायत द्वारा जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने का श्रेय कर्मचारियों को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य है कि पुरकाजी नगर पंचायत देश में प्रथम स्थान प्राप्त करें। इसके लिए कस्बे की जनता से सहयोग की अपील है। इसके अलावा जिन घरों में शौचालय नहीं है सर्वे कराकर उन घरों में जल्द ही शौचालय बनवाने का कार्य शुरू कराया जाएगा। उधर, ईओ मनोज यादव ने कस्बे की जनता से सहयोग की अपील की है।