ग्रामीणों का थाने पर हंगामा
पुरकाजी। घेर में बंधी लाखों रुपये की दो भैंस चोरी हो जाने पर ग्राम प्रधान पति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने पर पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस से चोरों का सुराग लगाकर भैंस बरामद करने की मांग की।
घटना ग्राम धमात की मंगलवार रात की है किसान प्रमोद पुत्र बलजीत पाल के घेर में बंधी दो भैंसों को चोर चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह भैंसों के घेर में नहीं मिलने पर किसान ने भैंसों की तलाश की, मगर काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लगा मगर उनके पैरों के निशान पुरकाजी के एक रास्ते पर मिले। जिसकी जानकारी किसान ने ग्राम प्रधान पति राजकुमार गुर्जर को दी। इस पर दर्जनों ग्रामीण थाने पहुंचे और हंगामा करते हुए पुलिस से चोरों का सुराग लगाकर चोरी हुई भैंसों का सुराग लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि चोरी करके भैंसों को पुरकाजी लाया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कर चोरों का सुराग लगाकर भैंसों को बरामद करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान ब्रिजेश शर्मा,बबलू,प्रमोद,सुदेश पाल,सुरेशपाल आदि दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
रोडवेज चालक के साथ मारपीट
पुरकाजी। खतौली डिपो की बस को उसका चालक बुधवार को हरिद्वार से मेरठ ले जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे पुरकाजी खादर तिराहे पर बस में सवार दो लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिसका सवारियों द्वारा विरोध करने पर वह लोग फरार हो गए, जिसकी बस चालक द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई, जिस पर पुलिस ने काफी तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं लगा। बस चालक अतेन्द्र निवासी करनावल मेरठ व परिचालक रूपक निवासी सरधना ने थाने पर तहरीर देकर दो अज्ञात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाही की मांग की है।
पुलिस ने ग्राम अब्दुलपुर में बजवाया ढोल
पुरकाजी। दो सप्ताह पूर्व ग्राम अब्दुलपुर से एक युवती को लेकर फरार हुए आरोपियों के घरों के सामने पुलिस ने ढोल बजाकर उनके परिजनों को आरोपियों को पुलिस को सौंपने की हिदायत दी है। 11 मई को गांव की एक युवती घर से पुरकाजी कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढने आई थी, वापस नहीं लौटने पर उसके भाई ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था, जिनका पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है। बुधवार को इंस्पेक्टर विजय सिंह ने ग्राम अब्दुलपुर में जाकर आरोपी बिटटू पुत्र राजेन्द्र व सोनम पुत्र सहेन्द्र के घरों के सामने ढोल बजाकर उसके परिजनों को आरोपियों को पुलिस को सौंपने की हिदायत दी है।