मुजफ्फरनगर। मजदूरी बढ़ाने को लेकर ईंट भट्ठा कामगार यूनियन के बैनर तले श्रमिकों ने प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि ईंट भट्ठों पर श्रम कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा है। श्रमिकों का खुला शोषण और उत्पीड़न हो रहा है। बढ़ती महंगाई के दौर में बहुत कम मजदूरी मिलती है। इस कारण परिवार का पालन पोषण करना भी दूभर हो गया है। यूनियन ने डीएम से ईंट भट्ठा श्रमिकों को ईंट पथाई रेट 700 रुपये प्रति हजार करने, श्रमिकों को पहचान पत्र निर्गत कराने, श्रमिकों को हाजिरी कार्ड दिए जाने, श्रमिकों के बच्चों के लिए स्कूल की व्यवस्था कराने, श्रमिकों को शासनादेश के अनुसार बोनस दिए जाने, समय-समय पर विभागीय अधिकारियों से जांच कराने की मांग की गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में सुभाष उपाध्याय, नरेश, सौदान, रोहित कुमार, राजकुमार, विक्रम, उदयवीर, राजवीर, देवराज, देशराज आदि मौजूद रहे।