मुजफ्फरनगर। नये शैक्षिक सत्र में विद्यालयों में ज्यादा से ज्यादा बच्चों का पंजीकरण कराने के लिए स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जागरूकता रैली निकाली गई।
शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अर्चना वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली का नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रकेश सिंह यादव एवं खंड शिक्षा अधिकारी शहर सविता डबराल ने किया। रैली में शामिल बच्चे हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। बच्चों ने नर नारी सब पढे़ पढ़ाए भारत मां की शान बढ़ाएं, विकास की बस यही डगर, हो साक्षर मुजफ्फरनगर आदि नारों के माध्यम से प्रेरक संदेश देते हुए जनजागरण किया। जागरूकता रैली में नगर क्षेत्र के सभी परिषदीय विद्यालय मान्यता प्राप्त इंटर कॉलेज सहित प्राथमिक विद्यालय पूर्वी के बालक बालिकाएं भी सम्मलित थे। रैली टाउनहाल प्रांगण से चलकर मालवीय चौक, अंसारी रोड, सरवट गेट एवं शिव चौक होते हुए टाउनहाल पहुंचकर समाप्त हुई। रैली का मुख्य उद्देश्य स्कूल न जाने वाले बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन हो, कोई भी निरक्षर न रहे। संचालन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सीताराम पूर्वी पाठशाला नगर क्षेत्र एवं शहनाज बानो ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर मुकुल गोयल, सुरेंद्र पाल सिंह, योगाचार्य राजेंद्र, मनोज, संजीव, रश्मि कौशिक, रमन नारंग, शुभि मित्तल, कोमल, मुकेश, मनोज आदि अध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विधायक ने बागडियों को किया प्रेरित
मुजफ्फरनगर। स्कूल चलो अभियान में शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने भोपा रोड पर बागडियों के डेरे में पहुंचकर उन्हें अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया। विधायक ने कहा कि अब कोई भी बच्चा बिना शिक्षा के नहीं रहना चाहिए। सामाजिक संगठनों से उन्होंने ऐसे बच्चों के मां-बाप को जागरूक करने के लिए कहा जो अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं।