महिलाओं ने पानी के लिए प्रदर्शन किया
बुढ़ाना।
नगर पंचायत की पाइप लाइन से देहात के ग्रामीणों ने अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ लिए। इस पर नगर पंचायत ने अवैध कनेक्शनों की पानी की आपूर्ति बंद कर दी। इससे खफा महिलाओं ने तहसील मुख्यालय पर हंगामा प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया।
शनिवार को नगर पंचायत की सीमा के बाहर शफीपुर पट्टी की सैकड़ों महिलाएं पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए सुबह करीब 11 बजे तहसील मुख्यालय पहुंची। उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने महिलाओं ने हंगामा व प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा उनके घरों में आने वाले पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई है। टंकी का पानी न मिलने के कारण वे परेेशान है। नवरात्र में पानी की आपूर्ति को बंद करना गलत है। महिलाओं का आरोप है कि पानी बंद करने संबंधी सूचना भी उन्हें नही दी गई। समस्या के समाधान की मांग को लेकर महिलाओं ने उपजिलाधिकारी व तहसीलदार की गैर मौजूदगी में नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ओम गिरि ने बताया कि उन्होंने नगर पंचायत की सीमा पर चारों ओर पानी की पाइप लाइन बिछाई हुई है। इस पाइप लाइन द्वारा कस्बे के लोगों को पानी की आपूर्ति दी जाती है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की सीमा से बाहर रहने वाले शफीपुर पट्टी के ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से नगर पंचायत की पानी की पाइप लाइन में अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ लिए हैं। इसके बारे में उनके द्वारा कई बार मुनादी कराकर चेतावनी भी दी गई। अवैध कनेक्शन वालों ने उनकी नही सुनी। उन्होंने बताया कि अवैध कनेक्शन के कारण कस्बे में लोगों को पानी की आपूर्ति उपलब्ध नहीं हो पा रही है। अवैध कनेक्शनों के कारण पानी दूषित हो जाता है। देहात के लोगों को नगर पंचायत की पानी की पाइप लाइन से कनेक्शन नहीं दिये जा सकते। ज्ञापन देने वालों में संगीता, सुनीता, सन्तेरश, मुकेश, भगवती, बेबी, बाला सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।